कोरबा : सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में जान जोखिम में डालना अब महंगा पड़ रहा है। कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के हेलीपैड में बोलेरो वाहन पर खतरनाक स्टंट करते हुए शराब की बोतल लेकर रील बना रहे युवकों के खिलाफ मानिकपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने वाहन सहित चालक को गिरफ्तार कर बोलेरो जब्त कर ली है। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित हेलीपैड का है। यहां कुछ युवक बीते दिनों बोलेरो वाहन CG 12 BK 5855 में सवार होकर पहुंचे थे।
कोरबा में नकली पुलिस बनकर ठगी! बुजुर्ग से गहने उतरवाकर असली सोना ले गए ठग
वीडियो में साफ दिख रहा है कि वाहन चलते समय एक युवक खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट कर रहा है और उसके हाथ में शराब की बोतल भी है। स्टंटबाजी के दौरान कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। रील बनाने के बाद युवकों ने खुद ही वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। मानिकपुर चौकी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि वाहन चालक राहुल पटेल, पिता राकेश पटेल, सुभाष ब्लॉक शॉपिंग सेंटर के पीछे निवास करता है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राहुल पटेल को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से स्टंट में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
कोरबा में कोयला मजदूर पंचायत का प्रदर्शन, 12वें जेबीसीसीआई के तत्काल गठन की उठी मांग
वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महज रील और व्यूज के लिए इस तरह का खतरनाक स्टंट कर रहे थे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि इससे उनकी जान के साथ-साथ दूसरों की जान को भी खतरा हो सकता है।


