कोरबा : कटघोरा विकासखंड के बुंदेली-सुतर्रा मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क और क्षतिग्रस्त पुल की समस्या को लेकर शुक्रवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। बांकी मोंगरा-सुतर्रा मार्ग पर हुए चक्काजाम के कारण करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, मजदूर, महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जर्जर सड़क की मरम्मत तथा क्षतिग्रस्त पुल का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की।
कोरबा: अटल प्रतिमा विवाद पर युवा कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन, CMO-ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों के अनुसार, सड़क और पुल की समस्या को लेकर पूर्व में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। प्रशासन को 15 दिनों का समय देते हुए निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई थी। पार्टी का आरोप है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्काजाम का निर्णय लिया गया। आंदोलनकारियों ने कहा कि बुंदेली से सुतर्रा जाने वाला यह मार्ग आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। लंबे समय से सड़क खराब होने के साथ पुल भी क्षतिग्रस्त है। बारिश के दिनों में मार्ग की स्थिति और खराब हो जाती है। इससे विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी, महिलाओं के खातों में पहुंची राशि
चक्काजाम की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से चर्चा की। काफी देर तक चली बातचीत के बाद तहसीलदार ने सड़क और पुल निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का लिखित आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद पार्टी ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हुआ।


