कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र में गुरुवार को उरगा-हाटी मार्ग पर कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। मृतकों की पहचान चचिया दर्रीपार निवासी राहुल टोप्पो और पोलेश कंवर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे।
कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वाहन स्टैंड में सजे जुए के फड़ का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार
इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क से काफी दूर जा गिरे। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया है।
NEET पेपर लीक केस: 4 राज्यों में बनेंगी फास्ट ट्रैक कोर्ट, नकल माफिया पर होगा बड़ा एक्शन
पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा ऐसे समय हुआ, जब चचिया गांव में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर उत्सव का माहौल था। गांव में मेले का आयोजन चल रहा था, लेकिन दो युवकों की मौत की खबर से पूरे गांव की खुशियां मातम में बदल गईं। ग्रामीणों ने उरगा-हाटी मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।


