सक्ती – जिले में खाद गबन का बड़ा मामला सामने आया है। चंद्रपुर समिति के प्रभारी संस्था प्रबंधक पितांबर निषाद के ऊपर 3850 बोरी खाद गबन करने का गंभीर आरोप लगा है जिसकी कीमत लगभग 4367283 रुपए बताई जा रही है।
इस मामले में पितांबर निषाद के खिलाफ अपराध दर्ज करने के लिए शाखा प्रबंधक जिला सरकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा चंद्रपुर को सहायक आयुक्त सहकारिता ने पत्र जारी किया है। इस कार्यवाही से कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी अनुसार सहायक आयुक्त सहकारिता अधिकारी के निर्देश पर सहकारी निरीक्षक एवं एवं सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखंड डभरा को संयुक्त रूप से सेवा सहकारी समिति मर्यादित चंद्रपुर के खरीफ सीजन 2026 – 27 में भंडारित रासायनिक खाद का वितरण पश्चात बचत स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने हेतु आदेशित किया गया था जिसके परिपालन में सहकारी निरीक्षक एवं सहकारिता विस्तार अधिकारी द्वारा भौतिक सत्यापन कर प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत किया गया।
भौतिक सत्यापन प्रतिवेदन में सेवा सहकारी समिति मर्यादित चंद्रपुर में खरीफ सीजन 2026-27 में पोश मशीन में दर्शित स्टाॅक में 3377 बोरी खाद की कमी तथा पूर्व वर्ष में 473 बोरी खाद बचत स्टॉक को प्रारंभिक स्टॉक में स्थानांतरित ना कर कुल मिलाकर 3850 बोरा खाद जिसकी राशि 4367283 रुपए है का आर्थिक अनियमित्ता / गबन किया जाना प्रतिवेदित किया गया है।
उक्त आर्थिक अनियमितता / गबन हेतु प्रभारी संस्था प्रबंधक पीतांबर निषाद दोषी / जिम्मेदार होना प्रतिवेदित किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक आयुक्त सहकारिता अधिकारी, जिला – सक्ती ने पीतांबर निषाद के विरुद्ध थाना चंद्रपुर में एफ. आई. आर. दर्ज कराने ब्रांच मैनेजर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा चंद्रपुर को लिखित आदेश दिया है। इस कार्यवाही से अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


