कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के भांटापारा कुदुरमाल में टोनही प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को 2 साल से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने देवरानी, उसकी पुत्री और पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में बीएनएस और टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। थाना उरगा में अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत सत्यभामा वैष्णव पति स्व. ओमप्रकाश वैष्णव उम्र 65 वर्ष निवासी कुदुरमाल वार्ड क्र. 04 ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उनकी देवरानी लक्ष्मीन वैष्णव उर्फ लक्ष्मी, उसकी पुत्री चंचल वैष्णव और पुत्र किशन वैष्णव उर्फ गोलू पिछले कई वर्षों से उन्हें परेशान कर रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा के समक्ष पेश किया। जहां जमानत के अभाव में जेल भेज दिया गया। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। मामले की आगे जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में टोनही के नाम पर प्रताड़ना के खिलाफ लोगों में आक्रोश है।


