कोरबा : शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए Korba Police द्वारा ‘सजग कोरबा – सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत सघन बाइक पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शहर के संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से पुलिस टीम संकरी गलियों और अंदरूनी क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच रही है, जहां चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाते। इससे संदिग्ध गतिविधियों और अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों पर प्रभावी नजर रखी जा रही है।
अटक सकती है महतारी वंदन की राशि, 20 हजार हितग्राहियों ने अब भी नहीं कराई ई-केवाईसी
अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के डिगापुर, सिंगापुर और टीपी नगर चौक सहित कई स्थानों पर जांच की गई। वहीं थाना कोतवाली क्षेत्र के राताखार, रामसागरपारा, मोतीसागरपारा, पुरानी बस्ती, सीतामढ़ी, इमलीडुग्गू, रेलवे स्टेशन और संजय नगर सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस टीम ने भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 संदेहियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। वहीं एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहन चेकिंग के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी सख्ती दिखाई गई।
कोरबा में बेकाबू सांड का तांडव, बुजुर्ग को सींग से उठाकर पटका; 6 लोग घायल
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की बाइक पेट्रोलिंग और चेकिंग कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अड्डेबाजी या अवैधानिक कार्य की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। ‘सजग कोरबा – सतर्क कोरबा’ अभियान के जरिए पुलिस शहर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।


