बिलासपुर: पुलिस ने शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। एसीसीयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा से संचालित इस गिरोह के कुल छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें पांच आरोपी ओडिशा के और एक स्थानीय सहयोगी बिलासपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार 15 जून को तोरवा क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी में महिला संजू कुमारी के गले से सोने की चेन झपटने की घटना हुई थी।
इसके अलावा सिरगिट्टी क्षेत्र में भी महिला के साथ मारपीट कर चेन लूटने की वारदात सामने आई थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक ही गिरोह की संलिप्तता पाई गई। जांच में बिना नंबर की नीली स्कूटी का उपयोग सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने सिरगिट्टी के गणेश नगर में दबिश देकर स्थानीय आरोपी नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह ओडिशा के अपराधियों को अपने घर में ठहराता था और वारदातों में उनकी मदद करता था।
रील्स और रिश्तों के बीच उलझी जिंदगी, पारिवारिक विवाद के बाद युवती ने खाया जहर, मौत
गिरोह के सदस्य शहर में पहले रेकी करते थे और फिर सुबह के समय महिलाओं को अकेला पाकर वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा, बसंता खड़िया और नवीन साहू शामिल हैं। तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ लूट, आपराधिक षड्यंत्र और संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


