कोरबा में श्यांग थाना क्षेत्र के छिरहुट गांव में 16 जून को दफनाई गई 23 वर्षीय नवविवाहिता घूरई बाई का शव शुक्रवार को कब्र से निकाला गया। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्राम कुमा, जिला रायगढ़ की घूरई बाई की शादी तीन साल पहले छिरहुट गांव के 26 वर्षीय दिलीप बैगा से हुई थी। दंपती का डेढ़ साल का एक बच्चा भी है। 16 जून को पति दिलीप ने घूरई की अचानक तबीयत खराब होने से मौत की सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को दफना दिया था। मृतिका के मायके पक्ष को मौत की सूचना पर संदेह हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पति दिलीप चरित्र शंका को लेकर अक्सर घूरई से विवाद करता था। मायके वालों का कहना है कि दिलीप ने हत्या कर शव को दफना दिया है।
आकाशीय बिजली गिरने से छात्रा की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम; पुलिस ने शुरू की जांच
संदेह के आधार पर मायके वालों ने श्यांग थाना पुलिस से शिकायत की। उन्होंने शव के उत्खन की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद श्यांग थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एसडीओपी, थाना प्रभारी और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। जिला प्रशासन की ओर से नए तहसीलदार भी मौजूद थे। उनकी मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। पुलिस टीम ने शव को कब्र से निकालकर पंचनामा किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतिका के डेढ़ साल के बच्चे की परवरिश को लेकर भी गांव में चर्चा है। मायके वालों का कहना है कि यदि हत्या साबित होती है तो बच्चे को न्याय मिलना चाहिए। वहीं पति दिलीप बैगा ने हत्या के आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि पत्नी की मौत बीमारी से हुई है। श्यांग थाना पुलिस ने मृतिका के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एक ओर पति का बीमारी से मौत का दावा है। दूसरी ओर मायके वालों का हत्या का आरोप है। इस पूरे मामले ने गांव को दो धड़ों में बांट दिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।


