सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम अंडा में आकाशीय बिजली गिरने से एक 11 वर्षीय स्कूली छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान दीप्ति चंद्रा (11 वर्ष), पिता मुरीत चंद्रा, निवासी ग्राम अंडा, तहसील अड़भार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में मौसम खराब होने के दौरान तेज गर्जना और बिजली चमक रही थी। इसी बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दीप्ति उसकी चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आईं 3 भैंसें, मौके पर मौत
सूचना मिलने पर मालखरौदा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय विद्यालय में अध्ययनरत दीप्ति की असमय मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने इस दुखद घटना पर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


