बिलासपुर : सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर में आज सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गली के बीचों-बीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची सिरगिट्टी पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन: DMF घोटाले की जांच में रायपुर समेत कई जिलों में छापेमारी
बता दें कि मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आज सुबह जब मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली में युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान शव के पास से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद किए हैं। आशंका है कि आरोपियों ने इन्हीं भारी पत्थरों से वार कर युवक की हत्या की है।
नीट परीक्षा में पारदर्शिता के लिए बड़ा कदम, भारत में टेलीग्राम पर अस्थायी रोक
मामले में पुलिस को शराबखोरी के बाद हुए आपसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
सिरगिट्टी पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।


