रायपुर : राजधानी रायपुर में गुरुवार शाम मौसम में अचानक आए बदलाव का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। तेज आंधी, बारिश और कम दृश्यता के कारण रायपुर एयरपोर्ट पर दो विमानों की लैंडिंग प्रभावित हुई, जिसके चलते दोनों उड़ानों को नागपुर डायवर्ट करना पड़ा। इस स्थिति से यात्रियों को कुछ समय के लिए असुविधा का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की दिल्ली से रायपुर आ रही फ्लाइट AI1718 को खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण रायपुर एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद विमान को नागपुर एयरपोर्ट भेज दिया गया। इसी तरह इंडिगो की हैदराबाद-रायपुर फ्लाइट 6E7248 को भी सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए नागपुर डायवर्ट किया गया।
बिलासपुर केंद्रीय जेल के आसपास 500 मीटर तक नो-फ्लाई जोन घोषित, ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध
बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर उड़ान में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, भाजपा प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास सहित बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। विमान के नागपुर पहुंचने के बाद यात्रियों को वहीं रोका गया और मौसम सामान्य होने तथा आवश्यक अनुमति मिलने के बाद उन्हें उसी विमान से रायपुर रवाना किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। गुरुवार को रायपुर में दिनभर तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा। हालांकि शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलीं, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और हवाई संचालन पर असर पड़ा।
मौसम खराब होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल और विमानन अधिकारियों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमानों को वैकल्पिक हवाई अड्डे की ओर भेजने का निर्णय लिया। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, कम दृश्यता और तेज हवाओं की स्थिति में सुरक्षा मानकों के तहत ऐसी कार्रवाई सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होती है। मौसम में आए इस बदलाव का असर केवल हवाई सेवाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शहर के कई हिस्सों में यातायात और जनजीवन भी प्रभावित हुआ। हालांकि देर रात तक मौसम में सुधार की संभावना जताई गई। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, मौसम सामान्य होने के बाद उड़ानों का संचालन फिर से नियमित किया जाएगा। यात्रियों को एयरलाइंस की ओर से लगातार अपडेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


