कोरबा : कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई यात्री बस को कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 3 जून को नया बस स्टैंड से बस क्रमांक CG-10-G-1601 चोरी होने की सूचना मिली थी। शिकायत मिलते ही चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मानसून की आहट से बदलेगा छत्तीसगढ़ का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
जांच के दौरान बस के कंडक्टर ने चोरी गई बस और आरोपी की पहचान कर उसे कोहड़िया के पास पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी मनजीत सिंह टोप्पो (31 वर्ष) निवासी बंधियापारा सिल्ली, थाना पाली, जिला कोरबा ने बस चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बस बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील करते हुए कहा है कि जनसहयोग और पुलिस की सतर्कता से अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।


