जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां टेलीग्राम के माध्यम से ‘डबल मुनाफा’ का झांसा देकर एक युवक से 27 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई। मामले में साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है। जानकारी के अनुसार, चांपा थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार सोनी इस ठगी का शिकार हुए हैं। उन्हें निवेश के नाम पर दोगुना मुनाफा देने का लालच दिया गया था। शुरुआती संपर्क टेलीग्राम ऐप के माध्यम से किया गया, जहां उन्हें एक निवेश योजना का हिस्सा बताया गया।
रायगढ़ में इंटर्न डॉक्टरों पर गंभीर आरोप: मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक से मारपीट कर लूटी चेन और नकदी
पीड़ित ने बताया कि 7 दिसंबर 2025 को एक युवती ने उससे संपर्क किया था। उस युवती ने खुद को एक निवेश कंपनी से जुड़ा बताया और कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का दावा किया। इसके बाद युवक को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां कई अन्य सदस्य भी लगातार निवेश करने के लिए प्रेरित करते रहे। ग्रुप में मौजूद लोगों द्वारा अलग-अलग तरह के लाभ और तेजी से पैसे बढ़ने का झांसा दिया जाता रहा, जिससे युवक का विश्वास बढ़ता गया और उसने कई किस्तों में बड़ी राशि निवेश कर दी। बाद में जब उसने अपने पैसे वापस निकालने की कोशिश की, तो संपर्क बंद हो गया और उसे ठगी का एहसास हुआ।
मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, यह एक संगठित साइबर ठगी गिरोह हो सकता है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को निशाना बनाता था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। साइबर पुलिस ने बताया कि यह गिरोह फर्जी निवेश योजनाओं के जरिए लोगों को आकर्षित करता था और बाद में रकम हड़प लेता था।
छत्तीसगढ़ में सनसनी: देर रात घर में घुसे हमलावर, दो भाइयों पर बरसाई गोलियां, एक की मौत
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की ठगी में सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है। लोगों को बिना जांच-पड़ताल किए किसी भी निवेश योजना में पैसा नहीं लगाना चाहिए। फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं और कितने लोगों को अब तक ठगी का शिकार बनाया गया है। इस घटना के बाद साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी ‘डबल मुनाफा’ या तेजी से पैसे बढ़ाने वाली स्कीम पर भरोसा न करें और किसी भी अनजान लिंक या ग्रुप से सावधान रहें।


