छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने अपने बैंक खाते और मोबाइल सिम साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले पांच म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है। जांच में इन बैंक खातों का कनेक्शन देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 33 साइबर फ्रॉड मामलों से सामने आया है।
छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदली करवट! नए सिस्टम के असर से कई इलाकों में झमाझम बारिश, रायपुर में गिरा पारा
इन 33 मामलों में कुल करीब 10 करोड़ 18 लाख 19 हजार 809 रुपये की साइबर ठगी की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कमीशन के लालच में खुलवाए बैंक खाते और सिम
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी अपने नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और मोबाइल नंबरों के सिम सक्रिय कर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन दिया जाता था।
इन बैंक खातों का इस्तेमाल दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगी गिरोह ऑनलाइन फ्रॉड से हासिल रकम को जमा करने और अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए करते थे। जांच में कई लेनदेन करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़े पाए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में इन 33 मामलों से संबंधित 66 लाख 557 रुपये ट्रांसफर किए जाने की पुष्टि हुई है।
11 राज्यों के 33 साइबर फ्रॉड से जुड़े खाते
केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों और पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर साइबर अपराधों की निगरानी के दौरान पुलिस को ‘समन्वय’ पोर्टल के जरिए इन बैंक खातों से संबंधित महत्वपूर्ण इनपुट मिले।
इसके बाद जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेनदेन की विस्तृत जांच शुरू की। जांच में आरोपियों के खातों का कनेक्शन देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 33 साइबर ठगी मामलों से सामने आया।
इनमें शामिल हैं:
- आंध्र प्रदेश — 4 मामले
- गोवा — 2 मामले
- गुजरात — 5 मामले
- हिमाचल प्रदेश — 2 मामले
- कर्नाटक — 6 मामले
- महाराष्ट्र — 3 मामले
- राजस्थान — 2 मामले
- तेलंगाना — 4 मामले
- उत्तर प्रदेश — 2 मामले
- पश्चिम बंगाल — 1 मामला
- छत्तीसगढ़ — 2 मामले
छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! स्टेट पावर कंपनियों में 1235 पदों पर निकली भर्ती
पांच आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने मामले में सत्यनारायण आदित्य, निवासी किकिरदा थाना बिर्रा, तुषार सिंह राठौर और ओम प्रकाश केवट, दोनों निवासी फरसवानी थाना उरगा, जिला कोरबा, हरीश कुमार देवांगन, निवासी सिवनी थाना चांपा और मनोज कुमार मांझी, निवासी चांपा को गिरफ्तार किया है।


