कोरबा – शहर के डीएम रोड स्थित साईं पैलेस के पास शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक बाइक सवार युवक खुले नाले में गिर गया। इस घटना में युवक घायल हो गया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, मुड़ापार निवासी ओम प्रकाश अपनी बाइक से डीएम रोड से गुजर रहे थे। साईं पैलेस के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सीधे खुले नाले में जा गिरे। नाला गहरा होने के साथ-साथ दलदल और कीचड़ से भरा हुआ था, जिसके कारण युवक बाइक समेत उसमें फंस गया और मदद के लिए आवाज लगाने लगा।
कोरबा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध भंडारण पर 20 एलपीजी सिलेंडर जब्त
युवक की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पहले रस्सी की मदद से उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन नाले की गहराई और अधिक कीचड़ के कारण प्रयास सफल नहीं हो सका। इसके बाद मौके पर सीढ़ी मंगाई गई। सीढ़ी डालने पर उसका बड़ा हिस्सा भी दलदल में धंस गया, जिससे नाले में जमा कचरे और गाद की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सका। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद सीढ़ी के सहारे युवक ओम प्रकाश को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में उसे चोटें आई हैं।
खुद को आबकारी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को कर रहा था गुमराह, कोरबा पुलिस की सख्त कार्रवाई
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं और उनकी नियमित सफाई नहीं की जाती। उनका आरोप है कि सफाई केवल कागजों में की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यदि समय पर मदद नहीं पहुंचती तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था। उन्होंने मांग की है कि ऐसे खुले नालों को तुरंत ढंका जाए और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। इस घटना ने एक बार फिर नगर निगम की व्यवस्था और शहर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


