नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जल्द ही अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, पार्टी इस पद के लिए छह वरिष्ठ नेताओं के नाम पर विचार कर रही है। इनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, भूपेंद्र यादव और धर्मेंद्र प्रधान के अलावा भाजपा के महासचिव सुनील बंसल और विनोद तावड़े के नाम शामिल हैं।
हिंदी विवाद के बीच राज और उद्धव ठाकरे मंच पर साथ, फडणवीस पर किया तीखा कटाक्ष
पार्टी सूत्रों ने बताया कि अध्यक्ष चयन में तीन मुख्य बातों पर फोकस किया जा रहा है— संगठनात्मक अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और जातीय समीकरण। माना जा रहा है कि इन मानकों पर सभी संभावित नेताओं की गहन समीक्षा की जा रही है।
भाजपा नेतृत्व जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए एक केंद्रीय चुनाव समिति के गठन पर फैसला ले सकता है। अगर अध्यक्ष पद के लिए मतदान की जरूरत पड़ी तो यह समिति नामांकन से लेकर जांच और मतदान की पूरी प्रक्रिया को संचालित करेगी।
गौरतलब है कि मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में खत्म हो चुका है। वे फिलहाल एक्सटेंशन पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा वे केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं, जिस कारण पार्टी नया अध्यक्ष नियुक्त करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है।


