इंदौर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स खुद को पुलिस इंस्पेक्टर (TI) बताकर एक कारोबारी के घर में घुस गया। हालांकि, परिवार की सूझबूझ से उसका झूठ पकड़ा गया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर का परमाणु बयान, भारत ने बताया गैर-जिम्मेदाराना
यह घटना गुरुवार रात की है, जब ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के घर पर एक व्यक्ति खाकी वर्दी पहने हुए पहुंचा। उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और राजा के पिता से पूछताछ करने लगा। उसकी हरकतों पर राजा की मां को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मोबाइल पर अपने दोनों बेटों को इसकी सूचना दी।
जैसे ही राजा और उनके भाई विपिन रघुवंशी घर पहुंचे, नकली टीआई घबरा गया और अपना बयान बदलते हुए खुद को राजा का दोस्त बताने लगा। जब विपिन ने उससे उसका पहचान पत्र और अन्य पुलिस दस्तावेज दिखाने को कहा, तो वह और भी घबरा गया।
इसके बाद परिवार ने देर रात राजेंद्र नगर पुलिस थाने को इसकी सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की। विपिन रघुवंशी की शिकायत पर पुलिस ने नकली टीआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजस्थान के रतनगढ़ निवासी बजरंग लाल जाट के रूप में हुई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


